सागर/बीना, बृजपाल सिंह राजपूत । जिले में हाल ही में हुई मौतों के बाद शराब को लेकर उठे विवाद और संदेह के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। हालांकि जांच में मौत की वजह शराब के बजाय बीमारी होना सामने आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर प्रशासन ने अब शराब पीने वालों की सेहत की सुध ली है। कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर में आबकारी और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें शराब दुकानों के बाहर मदिरा सेवन करने वालों का मेडिकल चेकअप कर रही हैं।
इसी कड़ी में सोमवार शाम करीब 5 बजे संयुक्त टीम पहले आगासौद रोड स्थित शराब दुकान और उसके बाद गांधी चौराहा शराब दुकान पर पहुंची। यहां स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने शराब पीने वाले लोगों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति जानी और मौके पर ही उनका मेडिकल परीक्षण करते हुए ब्लड सैंपल एकत्रित किए।
इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग से डॉ. धर्मेंद्र सिंह दांगी, अंकित अवस्थी, मोहित और हितेश मौजूद रहे। वहीं, आबकारी विभाग की ओर से सब इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह, आरक्षक दीपक बैरागी और महिला आरक्षक संध्या कुलस्ते ने मोर्चा संभाला। हालिया घटनाओं के बाद प्रशासन की इस पहल को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें जांच में लिए गए ब्लड सैंपल की रिपोर्ट पर टिकी हैं।













