भोपाल/ग्वालियर: मध्य प्रदेश के राज्यपाल एवं जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल ने प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत को जीवाजी विश्वविद्यालय का नया कुलगुरु (कुलपति) नियुक्त किया है। इस संबंध में लोक भवन, भोपाल से गुरुवार, 03 सितम्बर 2026 को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया। प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत वर्तमान में डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर में समाज शास्त्र एवं सामाजिक कार्य विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।
4 वर्ष अथवा 70 वर्ष की आयु तक रहेगा कार्यकाल
जारी आदेश के अनुसार, कुलाधिपति ने मध्य प्रदेश विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 (क्रमांक 22 सन् 1973) की धारा 13 की उपधारा (1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह नियुक्ति की है। प्रो. राजपूत का कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से 04 वर्ष की कालावधि अथवा 70 वर्ष की आयु (जो भी पहले हो) तक रहेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उनकी सेवा शर्तें एवं निबंधन विश्वविद्यालय के परिनियम-1 के प्रावधानों के अनुसार शासित होंगी। इस नियुक्ति के बाद शिक्षा जगत और विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।




