सतना, सजल कुमार रजक। मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां बाबूपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले नैना-सगमनिहा इलाके में पानी से भरी खदान में डूबने से दो ग्रामीणों की जान चली गई। मृतकों की पहचान मनसुख लाल और मायका कोल के रूप में हुई है। इस अचानक हुई घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मछली पकड़ने के दौरान गहराई में समाए दोनों ग्रामीण

बताया जा रहा है कि मनसुख लाल और मायका कोल गांव के पास स्थित खदान में मछली पकड़ने के लिए गए हुए थे। खदान में पानी अत्यधिक गहरा होने के कारण वे अचानक उसकी चपेट में आ गए और संभल नहीं पाए। देखते ही देखते दोनों पानी के गहरे बहाव में डूब गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर शुरू की कानूनी कार्रवाई

घटना की खबर मिलते ही बाबूपुर चौकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से दोनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों तथा परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।