छतरपुर, पंकज यादव। छतरपुर जिले के मऊसहानियां में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का माहौल चरम पर है। श्री नवदुर्गा उत्सव समिति, बस स्टैंड मऊसहानियां द्वारा नवरात्रि की पंचमी तिथि पर विशाल कन्याभोज एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से प्रारंभ हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में विधि-विधान से कन्या पूजन कर सैकड़ों कन्याओं को भोजन कराया गया और उनका आशीर्वाद लिया गया।
इसके उपरांत आयोजित भंडारे में क्षेत्रीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की। शाम ढलते ही माता के दरबार में विशेष धार्मिक व देशभक्ति पूर्ण वातावरण देखने को मिला। समिति द्वारा मां नवदुर्गा की भव्य महाआरती के साथ ही 'भारत माता की आरती' का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें समूचा प्रांगण भक्तिमय जयकारों से गुंजायमान हो उठा। महाआरती में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस पावन आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में नौगांव के जाने-माने व्यापारी राहुल साहू, सरपंच प्रतिनिधि अप्पू राजा सोनी एवं संजू राजौरिया उपस्थित रहे। अतिथियों ने समिति के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव, आस्था और सांस्कृतिक चेतना का संचार होता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री नवदुर्गा उत्सव समिति के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।






















