नई दिल्ली। इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड से जुड़कर अपने उज्ज्वल पेशेवर करियर की शुरुआत करने के इच्छुक युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। कंपनी ने पूरे देश में इरकॉन की परियोजनाओं के लिए 'अप्रेंटिसशिप एक्ट, 1961' के तहत एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग के लिए विभिन्न 54 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है। इरकॉन की ओर से अप्रेंटिस पोस्ट के लिए जारी 54 रिक्तियों में ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 36 और डिप्लोमा अप्रेंटिस के 18 पद शामिल हैं। वहीं, जिन विषयों के आधार पर अप्रेंटिस पोस्ट के लिए भर्ती की घोषणा की गई है, उनमें ग्रेजुएट अप्रेंटिस (सिविल) के 15, ग्रेजुएट अप्रेंटिस (इलेक्ट्रिकल) के 8, ग्रेजुएट अप्रेंटिस (एस एंड टी) के 4, ग्रेजुएट अप्रेंटिस (ह्यूमन रिसोर्स) के 1, ग्रेजुएट अप्रेंटिस (फाइनेंस) के 2, ग्रेजुएट अप्रेंटिस (राजभाषा) के 1, ग्रेजुएट अप्रेंटिस (सीएसआर) के 1, ग्रेजुएट अप्रेंटिस (लीगल) के 2, ग्रेजुएट अप्रेंटिस (इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी - आईटी) के 2, टेक्नीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस - सिविल के 9 और टेक्नीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस - इलेक्ट्रिकल के 9 पद शामिल हैं।

अप्रेंटिस की इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 16 अक्टूबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 5 नवंबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार इरकॉन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें। हालांकि, इसके पहले अभ्यर्थियों का एनएटीएस पोर्टल पर रजिस्टर होना अनिवार्य है।

सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद कैंडिडेट्स को जमा किए गए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ 'प्रबंधक/एचआरएम, इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड, सी-4, डिस्ट्रिक्ट सेंटर, साकेत, नई दिल्ली-110017' पते पर डाक के माध्यम से 17 नवंबर तक पहुंचाना होगा।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए रिक्तियों से संबंधित विषय या किसी भी स्ट्रीम में पूर्णकालिक ग्रेजुएशन की डिग्री इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी, बीबीए, बीकॉम, बीए (हिंदी), बैचलर ऑफ सोशल वर्क (बीएसडब्ल्यू), एलएलबी, कंप्यूटर साइंस या इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में बीएससी/बीसीए/बीई/बीटेक और टेक्नीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस के लिए संबंधित इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी स्ट्रीम में डिप्लोमा या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों को आवश्यक शैक्षणिक योग्यता में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची के अनुसार शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए 14,000 रुपए और टेक्नीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस के लिए 12,000 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।