छतरपुर, संदीप यादव। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के भगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत खरदूती गांव में खेत पर सिंचाई के लिए मोटर पंप चालू करने गए एक 19 वर्षीय नवविवाहित युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अपने वृद्ध माता-पिता का इकलौता पुत्र था। अचानक घटी इस हृदयविदारक घटना से परिवार का सहारा छिन गया है और पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरदूती निवासी सुम्मेर सिंह घोष (19 वर्ष), पिता मानसिंह घोष, दोपहर करीब 12 बजे अपने खेत पर फसलों की सिंचाई के लिए मोटर पंप चालू करने पहुंचा था। इसी दौरान स्विच बोर्ड या केबल में अचानक आए जोरदार करंट की चपेट में आकर वह बुरी तरह झुलस गया और वहीं अचेत होकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बदहवास हालत में खेत की ओर दौड़े और उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां परीक्षण के उपरांत डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, मृतक की शादी इसी वर्ष 25 अप्रैल को धरमपुरा गांव में धूमधाम से संपन्न हुई थी। दांपत्य जीवन की शुरुआत को अभी महज सात महीने ही बीते थे और रीति-रिवाज के अनुसार नई दुल्हन की पहली विदा होकर ससुराल आना भी शेष था। घर में शादी की खुशियों का माहौल पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि इस आकस्मिक हादसे ने परिवार को असहनीय आघात पहुंचाया है।