छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड द्वारा नौगांव स्थित जामा मस्जिद की नई कमेटी का विधिवत गठन कर दिया गया है। नई कमेटी में समाज के वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक सादिक अली साहब को सदर की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। सदर पद पर उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही नगर के मुस्लिम समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। समाजजनों ने नवनियुक्त सदर का फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए मुबारकबाद दी।
वर्तमान में गठित इस नई कमेटी में कुल 11 सदस्यों को शामिल किया गया है। इसमें सादिक अली (सदर), हाजी सैयद हबीब (नायब सदर), मशारत हसन (सचिव), एजाज सिद्दीकी (सह सचिव), और शाहिद हुसैन (खजांची) प्रमुख पदों पर मनोनित किए गए हैं। इनके अलावा हाजी कामरान सिद्दीकी, आरिफ खान, असरार खान, इसराज कुरैशी, अलनफाश नबी एवं मोहम्मद आरिफ को सदस्य बनाया गया है। कमेटी के पदाधिकारियों ने मस्जिद से जुड़े सभी प्रशासनिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यों को पूर्ण ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने का संकल्प लेते हुए अपना कार्यभार संभाल लिया है। बताया गया कि आगामी दिनों में अन्य सदस्यों को जोड़कर कमेटी का विस्तार भी किया जाएगा।
नवनियुक्त सदर सादिक अली ने अपने संबोधन में मुस्लिम समाज सहित सर्व समाज के लोगों द्वारा मिले सहयोग और स्नेह के लिए सभी का तहे दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका मुख्य ध्यान क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को सुधारने पर रहेगा। मदरसे की पार पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोडऩे के लिए हिंदी और अंग्रेजी भाषा की पढ़ाई की विशेष व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे समाज की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए मस्जिद के सभी दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।
















