गुनौर, जीतेन्द्र रजक। लोकल यूथ महासंघ मध्यप्रदेश ने सर्वेयरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसील गुनौर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निराकरण की मांग की। संगठन ने सर्वेयरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, लंबित भुगतान कराने, रोटेशन प्रणाली बंद करने और ड्यूटी के दौरान मृत सर्वेयर के परिजनों को मुआवजा देने सहित पांच प्रमुख मांगें रखीं।
ज्ञापन में अमानगंज तहसील के ग्राम ककरा निवासी सर्वेयर देवीदीन ढीमर की सर्वे कार्य के दौरान हुई मृत्यु का उल्लेख करते हुए उनके परिजनों को 15 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गई। संगठन ने सर्वेयरों को सुरक्षा के लिए मजबूत जूते, सेफ्टी किट और बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी अपील की।
महासंघ ने शासन द्वारा लागू रोटेशन प्रणाली को तत्काल बंद करने तथा गिरदावरी और फार्मर आईडी से संबंधित लगभग एक वर्ष से लंबित भुगतान शीघ्र कराने की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि सर्वेयरों को कार्य के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ समय पर मेहनताना मिलना भी जरूरी है।
लोकल यूथ महासंघ ने शासन-प्रशासन से ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की। संगठन ने उम्मीद जताई कि सर्वेयरों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और प्रभावित परिवार को न्याय एवं आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
















