भोपाल, जीतेन्द्र तिवारी। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी भोपाल में धार्मिक आयोजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बरखेड़ी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचे।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने अपने हाथों से भगवान श्रीकृष्ण की पालकी उठाई और शोभायात्रा को रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर परिसर और शोभायात्रा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से माहौल भक्तिमय नजर आया।


मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज पूरे देश और दुनिया में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है, जो बेहद खुशी की बात है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानव समाज को धर्म, कर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।


केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी हुए शामिल


जन्माष्टमी के इस धार्मिक आयोजन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए। वे राजधानी भोपाल के बरखेड़ी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचे। उनके साथ सांसद आलोक शर्मा भी मौजूद रहे।


शिवराज सिंह चौहान ने भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन किया और जयकारे लगाए। उन्होंने कहा कि वे भगवान श्रीकृष्ण से देश-दुनिया में सुख, शांति और खुशहाली की कामना करते हैं। इस दौरान उन्होंने "जय माधव, जय कृष्ण" के जयकारे भी लगाए।


मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के मंदिर पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा और धार्मिक कार्यक्रम में भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।