टीकमगढ़/पलेरा, सोनू विश्वकर्मा। नगर की बेटी कुं. आस्था दमेले ने बिहार में एसडीएम पद पर चयनित होकर पलेरा सहित पूरे मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। एसडीएम पद पर चयन के बाद प्रथम बार पलेरा नगर आगमन पर आस्था दमेले का नगरवासियों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। उनकी इस उपलब्धि पर नगर में खुशी का माहौल रहा।
नगर आगमन के अवसर पर आस्था दमेले ने अपने परिवार के साथ श्री श्री 1008 श्री हरितला मंदिर पहुंचकर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया। इसके बाद दमेले परिवार की ओर से मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने शामिल होकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
कुं. आस्था दमेले ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता द्वारका प्रसाद (राज दमेले), नीतू दमेले और परिवार के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर प्रेरित किया।
इस उपलब्धि पर नगर के वरिष्ठ नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने आस्था दमेले को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वैश्य समाज के अध्यक्ष जगदीश ददरिया ने भी उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर उनके परिजन गणेश प्रसाद दमेले एवं मीरा दमेले ने उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
आस्था दमेले के एसडीएम पद पर चयन से पलेरा नगर के लोगों में विशेष उत्साह है। नगरवासियों ने इसे पलेरा के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।




