मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन चरम पर पहुंच गया है। विजयादशमी पर्व के अवसर पर मंगलवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली के विरोध में उन्हें 'कलयुग का रावण' करार दिया और उनके 10 सिर वाले विशाल पुतले को बीच बाजार में आग के हवाले कर दिया।

पुलिसबल की घेराबंदी को छकाकर पुल चौराहा पर दिया घटना को अंजाम

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पुरानी कलेक्टोरेट और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में जवानों को तैनात किया था। हालांकि शाम साढ़े पांच बजे रैली के रूप में निकले कांग्रेसियों ने पुलिस की योजना को चकमा देते हुए कलेक्टोरेट से पहले मुख्य बाजार के पुल चौराहा पर ही पुतला दहन कर दिया। इस दौरान पुलिस जवानों ने पुतला छीनने और बाद में आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं के कड़े विरोध के कारण वे सफल नहीं हो सके।

20 दिनों में तीसरी बार जला जिला मुख्यालय पर पुतला, इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन

मुरैना जिले में पिछले 20 दिनों के भीतर जिला मुख्यालय पर मुख्य चुनाव आयुक्त का यह तीसरा पुतला दहन है, जबकि विभिन्न ब्लॉकों में 12 दिनों के अंदर 23 बार पुतले जलाए जा चुके हैं। प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण जिलाध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर, शहर जिलाध्यक्ष गजेंद्र जाटव और पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं की रक्षा के लिए यह लड़ाई लड़ी जा रही है और राहुल गांधी के निर्देशानुसार मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक यह उग्र आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।