भोपाल। मध्य प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। अप्रैल और मई 2026 से बिजली बिल में कुल मिलाकर करीब 11 प्रतिशत सरचार्ज बढ़ा दिया गया है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ेगा, जिससे घरेलू बजट प्रभावित होने की आशंका है।


रविवार को सामने आई जानकारी के अनुसार यह बढ़ोतरी फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज के जरिए की गई है। अप्रैल 2026 के लिए यह दर 5.36 प्रतिशत तय की गई है, जबकि इससे पहले अप्रैल में ही 4.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी लागू की जा चुकी थी। मार्च 2026 में यह दर ऋणात्मक 0.63 प्रतिशत थी, जिससे उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन अब फिर से बिजली बिल बढ़ गया है। मध्य प्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के अनुसार बिजली खरीदने की लागत बढ़ने के कारण यह अतिरिक्त बोझ उपभोक्ताओं पर डाला गया है। सेवानिवृत्त अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि बार-बार इस तरह की बढ़ोतरी से आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है और घरेलू खर्च पर असर पड़ रहा है।


बताया जा रहा है कि इस बढ़ोतरी को लेकर विभागीय स्तर पर कोई स्पष्ट जानकारी या सफाई नहीं दी गई है, जिससे कई उपभोक्ता अभी तक इससे अनजान हैं। लगातार बढ़ते बिजली दरों के चलते प्रदेश में लोगों की चिंता बढ़ने लगी है।