बालाघाट, रितेश सोनी। दीपावली के पावन अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रदीप 'गुड्डा' जायसवाल ने वारासिवनी-खैरलांजी विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया। वे ग्राम नदीटोला, नरोड़ी, डोके, रेंगाझरी और अंसेरा पहुंचे, जहां स्थानीय समितियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाटकों और छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य का आयोजन किया गया था। इस दौरान नदीटोला-बुदबुदा पुल और खापा-खंडवा पुल के निर्माण से मिली आवागमन की सुविधा को लेकर ग्रामीणों ने उनके प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। अंसेरा के ग्रामीणों ने उन्हें 'विकास पुरुष' कहकर सम्मानित किया।
लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त को लेकर कही अहम बात
दौरे के दौरान अपने संबोधन में पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल ने क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त की राशि आज अंतरित की जा रही है, जो महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार का एक और मजबूत कदम है।
युवा मोर्चा महामंत्री प्रबल जायसवाल ने पिपरिया और बरबसपुर के कार्यक्रमों में की शिरकत
इसी क्रम में, भाजपा जिला युवा मोर्चा के महामंत्री प्रबल जायसवाल ने ग्राम पिपरिया एवं बरबसपुर में आयोजित दीपावली कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने ग्रामीणों को पर्व की बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों ने उनके पिता प्रदीप जायसवाल और भाजपा को हमेशा जो स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वह सराहनीय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि गांवों के विकास और जनसुविधाओं के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।
प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति
इन आयोजनों के दौरान जसवंत पटले, अनीश मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रदीप शरणागत, मिलिंद नगपुरे, लोमहर्ष बिसेन, ओपल रहांगडाले, मुरलीधर भोयर, मुन्ना राणा, शारदा शिव, पवन बिसेन, ओमप्रकाश ठाकरे सहित क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
















