झांसी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) के अंतिम दिन रविवार को झांसी जिले में कड़ी सुरक्षा और सख्त प्रशासनिक निगरानी के बीच परीक्षा आयोजित की जा रही है। जिले में बनाए गए कुल 37 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जा रही है। सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थियों को केंद्रों पर सघन बायोमीट्रिक और फ्रिस्किंग (तलाशी) जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी गई।


मेटल डिटेक्टर और सख्त तलाशी के बाद ही मिली एंट्री

परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के त्रिस्तरीय इंतजाम किए हैं: पुरुष अभ्यर्थियों की हाफ-स्लीव और फुल-स्लीव शर्ट की आस्तीनें खुलवाकर, जेबें खंगालकर और मेटल डिटेक्टर से बारीकी से जांच की गई। महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग से चेकिंग बूथ बनाए गए। महिलाओं के बाल और जूड़े खुलवाकर तलाशी ली गई ताकि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या पर्ची न छिपाई जा सके। महिला परीक्षार्थियों के गले से सोने-चांदी की चेन, मंगलसूत्र, झुमके और अन्य आभूषण उतरवा लिए गए, जिसके बाद ही उन्हें केंद्र के भीतर जाने दिया गया।


15,696 अभ्यर्थी पंजीकृत, पहली पाली में दिखी कम उपस्थिति

झांसी जिले के 37 केंद्रों पर दो पालियों में कुल 15,696 अभ्यर्थियों के शामिल होने का आवंटन है। रविवार सुबह 10 बजे से शुरू हुई पहली पाली की परीक्षा में कई केंद्रों पर परीक्षार्थियों की उपस्थिति अपेक्षा से कम दर्ज की गई।


जिला प्रशासन और पुलिस की पैनी नजर

प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों (CCTV) और लोकल इंटेलिजेंस के जरिए निगरानी रखी है। केंद्र अधीक्षकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अनुचित साधनों के प्रयोग पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए।