भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने शनिवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों की एक बड़ी तबादला सूची जारी की है। इस फेरबदल में कुल 62 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है, जिसमें विशेष पुलिस महानिदेशक (Special DG) स्तर से लेकर सहायक पुलिस अधीक्षक स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है ।


वरिष्ठ अधिकारियों की नई पदस्थापना

प्रशासनिक सर्जरी के तहत वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं:

रवि कुमार गुप्ता (1993) को विशेष पुलिस महानिदेशक (रेल) के साथ अब विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) और निदेशक, म.प्र. पुलिस अकादमी, भौंरी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है ।

राजाबाबू सिंह (1994) अब अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (रेल), भोपाल की जिम्मेदारी संभालेंगे ।

डी.पी. गुप्ता (1994) को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सामुदायिक पुलिसिंग, RTI, लोक सेवा गारंटी और पुलिस सुधार) बनाया गया है ।

सोलोमन यश कुमार मिंज (1997) को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (शिकायत एवं मानव अधिकार) के साथ लेखा और कल्याण विभाग का जिम्मा दिया गया है ।


इन जिलों के बदले गए पुलिस कप्तान (SP)

तबादला सूची में कई जिलों के एसपी बदले गए हैं, जिससे क्षेत्रीय कानून-व्यवस्था के समीकरण बदलेंगे:

सागर और धार: श्री अनुराग सुजानिया को सागर और श्री सचिन शर्मा को धार का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

भिण्ड और रीवा: श्री सूरज कुमार वर्मा अब भिण्ड के कप्तान होंगे, वहीं श्री गुरूकरण सिंह को रीवा की कमान सौंपी गई है।

शिवपुरी और छतरपुर: श्रीमती यांगचेन डोलकर भुटिया को शिवपुरी और श्री रजत सकलेचा को छतरपुर जिला पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

अन्य जिले: श्री धर्मराज मीना को मुरैना, श्री अगम जैन को खण्डवा, श्री देवेन्द्र कुमार पाटीदार को झाबुआ, श्री मयूर खण्डेलवाल को दतिया और श्री अंकित जायसवाल को रेलवे भोपाल का एसपी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा नीमच में श्री राजेश व्यास, सिंगरौली में श्री शियाज के.एम., और दमोह में श्री आनंद कलादगी की पदस्थापना की गई है।


महानगरों में नए पुलिस उपायुक्त (DCP)

इंदौर और भोपाल जैसे बड़े शहरों की पुलिसिंग व्यवस्था (कमिश्नरेट) में भी बदलाव किया गया है:

भोपाल: श्री विकास कुमार सहवाल को DCP (जोन-2) और श्री आदर्शकांत शुक्ला को DCP (जोन-4) भोपाल नियुक्त किया गया है। वहीं श्री आयुष गुप्ता DCP (जोन-3) भोपाल होंगे।

इंदौर: श्री अमन सिंह राठौड़ को DCP (जोन-2), श्री सुनील कुमार मेहता को DCP (जोन-4) और श्री नरेंद्र रावत को DCP (जोन-1) इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है।


अतिरिक्त प्रभार और अन्य निर्देश

आदेश के अनुसार, श्री मो. शाहिद अबसार (1996) को उनके वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ अमनि (PTRI) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है । साथ ही, आदित्य मिश्रा (2018), एसपी बालाघाट, को सेनानी हॉकफोर्स, बालाघाट का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है । इस फेरबदल के बाद अनिल कुमार और मो. शाहिद अबसार अपने कुछ अतिरिक्त प्रभारों से मुक्त होंगे ।