छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के बाजना थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 8 वर्षीय बच्ची के साथ उसके रिश्ते के चाचा द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस बच्ची और उसके माता-पिता को छतरपुर महिला थाने लेकर पहुंची है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


परिजनों के अनुसार, घटना 25 अगस्त की बताई जा रही है। बच्ची के माता-पिता फेरी की दुकान लगाते हैं। घटना वाले दिन दोनों दुकान पर गए थे और बच्ची भी उनके साथ गई थी। दोपहर में खाना खाने के लिए बच्ची रोज की तरह अकेले घर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान घर के बगल में रहने वाले गोविंद लखेरे ने मौका पाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।


परिजनों का दावा है कि घटना के दौरान बच्ची के सगे चाचा ने आरोपी को देख लिया और उसे पकडऩे का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी घर की छत से छलांग लगाकर मौके से फरार हो गया।


पंचायत बुलाकर समझौते का प्रयास करने का आरोप


बच्ची के पिता ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब वह पुलिस में शिकायत करने जा रहे थे, तब रिश्तेदारों और गांव के पंचों की बैठक बुलाकर मामले को आपसी समझौते से खत्म करने का प्रयास किया गया। पिता के मुताबिक, आरोपी पक्ष की ओर से 2 लाख देकर समझौता करने की बात कही गई, लेकिन उन्होंने अपनी बेटी के साथ हुई कथित घटना पर समझौता करने से इनकार कर दिया।


पिता का कहना है कि आरोपी रिश्ते में उनके चाचा का बेटा है और बच्ची का रिश्ते का चाचा लगता है। उन्होंने कहा कि बेटी के साथ हुई घटना के बाद उन्हें किसी तरह का पैसा नहीं, बल्कि न्याय चाहिए।


झूठे केस में फंसाने की धमकी का आरोप


पीडि़ता के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत करने का प्रयास किया, तब उनके छोटे भाई को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। पिता का आरोप है कि इस दबाव के जरिए उन्हें मामले में राजीनामा करने के लिए मजबूर करने का प्रयास किया गया।


परिजनों के अनुसार, इसके बाद बाजना पुलिस बच्ची और उसके माता-पिता को अपनी अभिरक्षा में लेकर छतरपुर महिला थाने पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्ची के चिकित्सकीय परीक्षण सहित अन्य साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।