भोपाल। मध्य प्रदेश के रीवा-सीधी हाईवे पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बल्कर की जोरदार टक्कर के बाद यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे तालाब में जा पलटी। इस भीषण हादसे में 5 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 23 अन्य घायल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।


तालाब में पलटी बस, मची चीख-पुकार

जानकारी के अनुसार, पवन ट्रेवल्स की यह बस रीवा से सवारियां लेकर बघोर की तरफ जा रही थी। बुधवार शाम करीब पांच बजे बस जैसे ही बदवार बस स्टैंड के समीप पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार बल्कर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे बने तालाब में पलट गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बल्कर भी बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।


मौके पर 4 की मौत, 3 मरीजों की हालत नाजुक

एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी फौरन मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में 4 यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। सभी 23 घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान एक और गंभीर रूप से घायल यात्री ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। घायलों में से तीन की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिनका आईसीयू (ICU) में इलाज चल रहा है।


सीएम मोहन यादव ने जताया दुख, मुआवजे का निर्देश

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट कर इस हृदय विदारक घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है। इसके साथ ही, सीएम ने मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।


इस दर्दनाक हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी नेता नितिन नवीन ने भी एक्स पर पोस्ट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।