इंदौर-बैतूल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत

Advertisement
देवास, हेमंत गुर्जर । इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-47) पर नेमावर-हरदा मार्ग के गुराडिया फाटे के निकट देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरदा से इंदौर की ओर जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने ग्राम खूब गांव से नेमावर की ओर आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे में दो पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए खातेगांव अस्पताल ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे इंदौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या तीन हो गई, जिसमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। मृतकों में मां-बेटा भी शामिल बताया जा रहा है।
यह हादसा नेमावर थाना क्षेत्र में हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और संभवतः लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। इस इलाके को पहले से ही हादसों का 'डेंजर जोन' माना जाता है।
