दमोह, राजेन्द्र तिवारी। नोहटा थाना क्षेत्र के अभाना के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो स्कूली छात्राओं की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में चौथी छात्रा को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने अभाना में जाम लगा दिया, जिसके बाद पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने में जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल जा रही चार छात्राएं सड़क से गुजर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार नाजिश बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृत छात्राओं की पहचान आरुषि पिता भानू प्रताप लोधी, उम्र 13 वर्ष, कक्षा आठवीं, निवासी इमालिया तथा दसोदा पिता कृष्णा पटेल, उम्र 13 वर्ष, कक्षा आठवीं, निवासी अभाना के रूप में हुई है।

वहीं, हादसे में नित्या पिता संतोष सेन, उम्र 13 वर्ष, निवासी तालगांव गंभीर रूप से घायल हो गई। चौथी छात्रा खुशी यादव को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बस से यात्री भी गिरे, एक अन्य व्यक्ति घायल

हादसे के दौरान बस में रखी केले की कैरेट नीचे गिर गईं। साथ ही बस में सवार दो से तीन यात्री भी नीचे गिरकर घायल हो गए। इनमें देवकरण शर्मा पिता नारायण प्रसाद शर्मा, निवासी सिविल वार्ड नंबर 7, दमोह भी शामिल हैं। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

विधायक, कलेक्टर और भाजपा जिलाध्यक्ष पहुंचे अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक जयंत मलैया, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल छात्रा एवं अन्य घायलों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा उपचार संबंधी स्थिति जानी।

वहीं, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने भी हादसे को दुखद बताते हुए पुलिस-प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, लगाया जाम

दो छात्राओं की मौत से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने अभाना में जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने के प्रयास किए। हादसे के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।