सतना, सजल रजक। मध्य प्रदेश के सतना शहर में शनिवार देर रात एक बड़े अग्निकांड से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। खेरमाई रोड स्थित 'जया रैगजीन' नामक प्रतिष्ठान में रात करीब 11:45 बजे अचानक भीषण आग भड़क उठी। रैगजीन और ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के चलते देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान छूती ऊंची लपटें उठने लगीं। लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के रहवासियों और व्यापारियों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम की फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत व बचाव कार्य प्रारंभ किया।


सीएसपी ने छत पर चढ़कर संभाला मोर्चा, प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे

आग की भयावहता और आसपास की घनी इमारतों में फैलने के खतरे को देखते हुए सीएसपी मनीष त्रिपाठी, कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत शर्मा और सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। राहत कार्य के दौरान सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने तत्परता दिखाते हुए बगल की बहुमंजिला इमारत की छत पर चढ़कर पानी की बौछारें डलवाने और आग पर काबू पाने के प्रयासों का नेतृत्व किया। मौके पर सिटी एसडीएम राहुल सिलाडिया, तहसीलदार सौरभ मिश्रा, महापौर योगेश ताम्रकार, नगर निगम आयुक्त नागार्जुन गौड़ा तथा सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने भी पहुंचकर स्थिति की गंभीरता का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



सीमेंट फैक्ट्री से बुलाई गईं अतिरिक्त दमकलें, आग बुझाने की जद्दोजहद जारी

दुकान में भरे प्लास्टिक और रैगजीन के सामान के कारण आग पर काबू पाना बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ था। नगर निगम के दमकल वाहनों के अलावा स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास की सीमेंट फैक्ट्रियों से भी विशेष भारी दमकल वाहनों को तत्काल मौके पर बुलवाया गया। दमकल कर्मियों के साथ स्थानीय नागरिक और पुलिस के जवान चारों तरफ से पानी और फोम की बौछारें मारकर आग को बुझाने और उसे रिहायशी इलाके में फैलने से रोकने की निरंतर कोशिश कर रहे हैं।

80 लाख रुपये के माल के जलने का अनुमान, कारणों की जांच शुरू

जानकारी के अनुसार, उक्त दुकान का संचालन सुरेश खेलवानी के पुत्र मुकेश खेलवानी द्वारा किया जा रहा था। प्रारंभिक तौर पर दुकान में रखे भारी स्टॉक और फर्नीचर के जल जाने से करीब 80 लाख रुपये के आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आंकड़ा आग पूरी तरह शांत होने और पंचनामा तैयार किए जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल आग लगने के मूल कारणों (शॉर्ट सर्किट या अन्य वजह) का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मौके पर प्रशासनिक निगरानी में युद्धस्तर पर आग बुझाने का काम जारी है।