मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के मुल्तानपुरा क्षेत्र में दिनदहाड़े सनसनीखेज गोलीबारी की वारदात सामने आई है। यहां मस्जिद से नमाज अदा कर अपने घर लौट रहे रईस नामक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। दिनदहाड़े हुए इस खूनी हमले से क्षेत्र में हड़कंप और दहशत का माहौल फैल गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुल्तानपुरा निवासी रईस जब मस्जिद से नमाज पढ़कर अपने घर की ओर पैदल जा रहा था, तभी पूर्व से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे रास्ते में घेर लिया। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर सीधी फायरिंग झोंक दी। गोली युवक को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।


नाजुक हालत के चलते रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर

फायरिंग की जोरदार आवाज और युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग व राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल रईस को आनन-फानन में मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर और सघन उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

महिला की गुमशुदगी से जुड़ा बताया जा रहा विवाद, पुलिस जांच तेज

प्रारंभिक जांच और सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस जानलेवा हमले की जड़ें एक पुराने विवाद से जुड़ी हुई हैं। बताया जा रहा है कि एक महिला की गुमशुदगी को लेकर घायल रईस और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से तनाव और रंजिश चल रही थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान और उनकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर सघन दबिश देना शुरू कर दिया है।