मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र में हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। खुद को समाज सेविका और भाजपा नेत्री बताने वाली एक महिला सहित चार लोगों पर फर्नीचर व्यापारी को फंसाकर 10 लाख रुपए की मांग करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो महिला आरोपी अब भी फरार हैं। शिकायतकर्ता फर्नीचर व्यापारी रमेश उर्फ पप्पू शिवहरे ने पुलिस को बताया कि आरोपी महिला ने पहले समाज सेवा के नाम पर संपर्क बढ़ाया और बाद में व्यापारिक काम के बहाने उन्हें एक स्थान पर बुलाया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर व्यापारी को आपत्तिजनक स्थिति में फंसाया गया और उसका वीडियो बना लिया गया।


इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग की गई। व्यापारी ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनसे सोने की अंगूठी और नकदी भी छीनी गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपी गजेंद्र कुशवाह और सचिन कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है। एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल सिंह के अनुसार, मुख्य आरोपी बताई जा रही सोनम कुशवाह और मीरा कुशवाह की तलाश जारी है।


पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस गिरोह पर पहले भी इसी तरह के मामलों में आरोप लग चुके हैं। माता बसैया थाना क्षेत्र में दर्ज एक पुराने मामले में भी किसानों को हनी ट्रैप में फंसाकर संपत्ति हस्तांतरण कराने की कोशिश के आरोप सामने आए थे। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और संभावित राजनीतिक-सामाजिक संबंधों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कई अहम खुलासे हो सकते हैं।