इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू तहसील अंतर्गत मानपुर में बुधवार को एक दर्दनाक घटना के बाद भारी बवाल मच गया। अपनी लापता बेटी को ढूंढने निकले एक पिता की कुछ लोगों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने बुधवार को मानपुर थाने के सामने नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी हत्यारोपियों के मकानों पर बुलडोजर (ध्वस्त) चलाने की मांग पर अड़े रहे। करीब आधे घंटे तक चले इस भारी हंगामे के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
क्या है हत्या का पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, ग्राम भिचौली के रहने वाले 35 वर्षीय महेश (पिता घनश्याम भूरिया) की बेटी निक्की, गांव के ही जादू सिंह के परिवार (पत्नी कविता और बेटी) के साथ मजदूरी करने जाती थी। मंगलवार शाम जब निक्की मजदूरी कर घर नहीं लौटी, तो चिंतित पिता महेश उसकी तलाश में जादू सिंह के घर पहुंच गए। वहां बेटी के बारे में पूछताछ करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि जादू सिंह और उसके परिजनों ने महेश के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने महेश को एक दीवार की ओर धक्का देकर दबा दिया और फिर जादू सिंह, उसकी पत्नी कविता, बेटे आयुष, बेटी अंजू और दामाद श्रवण ने मिलकर लोहे की रॉड तथा मोटरसाइकिल के 'चेन-स्पॉकेट' से उस पर ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बर हमले में गंभीर चोटें आने के कारण महेश की मौत हो गई।
शव रखकर हाईवे किया जाम, बुलडोजर एक्शन की मांग
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जब महेश का शव परिजनों को सौंपा गया, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन शव लेकर मानपुर थाने के सामने पहुंचे और नेशनल हाईवे के बीचों-बीच शव रखकर बैठ गए। उनकी एक ही मांग थी— "महेश की हत्या में शामिल सभी आरोपियों के मकानों को बुलडोजर चलाकर तत्काल ध्वस्त किया जाए।"
टीआई के आश्वासन के बाद शांत हुए ग्रामीण
चक्काजाम और बवाल की सूचना मिलते ही मानपुर थाना प्रभारी अरुण कुमार सोलंकी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआत में परिजन बिना सख्त कार्रवाई के पीछे हटने को तैयार नहीं थे। इसके बाद टीआई सोलंकी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि आरोपियों के मकानों और उनके अवैध निर्माण की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी और नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा जाएगा।पुलिस की ओर से इस सख्त कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद आखिरकार परिजन और ग्रामीण शांत हुए। उन्होंने करीब आधे घंटे बाद सड़क से शव हटाया, जिसके बाद पुलिस ने बाधित हाईवे पर यातायात दोबारा बहाल करवाया।
सभी 5 आरोपी गिरफ्तार
थाना प्रभारी अरुण कुमार सोलंकी ने बताया कि पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जादू सिंह सहित पांचों आरोपियों (जादू सिंह, पत्नी कविता, बेटे आयुष, बेटी अंजू और दामाद श्रवण) के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
















