सागर,जीशान खान: सागर क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के बल पर सरकारी टेंडर हासिल करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की सागर इकाई ने फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र का उपयोग कर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHED) में दो टेंडर हासिल करने वाले एक ठेकेदार और उसकी कंस्ट्रक्शन फर्म के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी ठेकेदार ने दूसरे जिले के विभाग के नाम से जाली दस्तावेज तैयार करवाकर शासन को भारी चूना लगाया था।

दमोह के ठेकेदार ने रची साजिश, छतरपुर विभाग के नाम से बनवाया फर्जी प्रमाण पत्र

मामले की शुरुआत दमोह निवासी रोहित बरोलिया द्वारा की गई शिकायत से हुई। शिकायत मिलने के बाद EOW की टीम ने पूरे मामले की गहराई से तकनीकी और दस्तावेजों की जांच शुरू की। जांच में यह तथ्य सामने आया कि 'जय मां अम्बे कंस्ट्रक्शन' के प्रोपराइटर लखन प्रसाद कुर्मी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड छतरपुर के कार्यपालन यंत्री के नाम से एक कूटरचित (फर्जी) अनुभव प्रमाण पत्र तैयार कराया था।

इस जाली प्रमाण पत्र में मुख्य रूप से हैंडपंप में फंसी हुई पाइपलाइन को बाहर निकालने के कार्य का अनुभव दर्शाया गया था, ताकि ठेके की तकनीकी अहर्ता को आसानी से पूरा किया जा सके।

निवाड़ी जिले में दो बड़े टेंडर हथियाने का आरोप, दस्तावेजों की जांच में खुला राज

जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ठेकेदार लखनलाल कुर्मी (निवासी ग्राम सीतानगर, जिला दमोह) ने इसी फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र को टेंडर प्रक्रिया के दौरान अपलोड किया। इसके आधार पर उसने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड निवाड़ी के अंतर्गत दो सरकारी टेंडर हासिल करने में सफलता प्राप्त कर ली।

जब EOW ने इस प्रमाण पत्र की सत्यता की जांच संबंधित विभागों से कराई, तो दस्तावेज पूरी तरह से कूटरचित और फर्जी पाए गए। इसके आधार पर EOW ने ठेकेदार और उसकी फर्म 'जय मां अम्बे कंस्ट्रक्शन' के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

आगे की विस्तृत जांच जारी, अन्य संलिप्तों पर भी गिरेगी गाज

EOW के निरीक्षक आदेश कुमार जैन ने जानकारी दी है कि फिलहाल इस पूरे मामले की विस्तृत और गहन जांच की जा रही है। जांच एजेंसी इस बात का पता लगा रही है कि इस फर्जीवाड़े में विभाग के भीतर या बाहर के किसी अन्य व्यक्ति की मिलीभगत थी या नहीं। जांच में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।