मुंबई। फिल्ममेकर आशुतोष गोवारिकर ने 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी 2026) के दौरान अपने शुरुआती दिनों को याद किया। आशुतोष गोवारिकर ने बताया कि उन्होंने करियर की शुरुआत एक अभिनेता के रूप में की थी और कभी नहीं सोचा था कि वे निर्देशक बनेंगे।

उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा, "एक्टिंग के दौरान सेट पर मैं सिर्फ अभिनय नहीं करता था, बल्कि सभी चीजों को ध्यान से देखता और सीखता था। मुझे देखना अच्छा लगता था कि डायरेक्टर कैसे अपनी पूरी टीम, एचओडी की मदद लेकर अपनी कहानी और विजन को पर्दे पर उतारते हैं। सच कहूं, तो मुझे ये बहुत ही क्रिएटिव प्रोसेस लगा था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन डायरेक्टर बन जाऊंगा।"

उन्होंने कहा, "एक्टर के तौर पर करीब 25 प्रोजेक्ट्स करते हुए मैं लगातार सेट पर चीजों को ऑब्जर्व करता रहा, सीखता रहा और अपने अंदर उतारता रहा। फिर, दीपक तिजोरी और आमिर खान की वजह से मुझे निर्देशन करने का मौका मिला। मैंने अपनी पहली फिल्म इन्हीं दोनों के साथ बनाई थी। दोनों मेरी फिल्म में को-एक्टर थे। उन्होंने एक्टर के तौर पर मेरी फिल्म में साथ काम किया था, इसलिए मुझे उन पर भरोसा था। उन्हें लगता था कि मेरे अंदर फिल्म बनाने की काबिलियत है और मैं निर्देशन कर सकता हूं।"

उन्होंने आगे कहा, "जब निर्देशन करने का मौका मिला, तो मैं एफटीआईआई चला गया, क्योंकि मैंने सोचा कि मेरे पास सेट पर काम करने का प्रैक्टिकल एक्सपीरियंस है ही, लेकिन अब मुझे थ्योरी भी सीखनी चाहिए। इसलिए मैं एएफटीआईआई चला गया और वहां पर करीब 45 दिन का फिल्म अप्रिशिएशन कोर्स किया। 45 दिन मैंने वर्ल्ड सिनेमा को करीब से समझा, अलग-अलग तरह की फिल्में देखीं और सीखा। इसके बाद मुझे पूरा कॉन्फिडेंस आ गया और फिर, मैं डायरेक्शन में उतर गया और अपनी पहली फिल्म बनाई।"

आशुतोष गोवारिकर की पहली निर्देशित फिल्म 'पहला नशा' (1993) थी। फिल्म में दीपक तिजोरी, पूजा भट्ट, रवीना टंडन, परेश रावल और जयंत कृपलानी मुख्य भूमिका में नजर आए थे। इसके अलावा, फिल्म में आमिर खान, शाहरुख खान, सैफ अली खान, जूही चावला और राहुल रॉय जैसे सितारे कैमियो रोल में नजर आए थे।