रायगढ़//छत्तीसगढ़ (रोहित तिर्की) - धरमजयगढ़ वनमंडल अंतर्गत ग्राम बरतापाली के जंगल में एक नर हाथी का शव बरामद होने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में हाथी की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने जांच तेज कर दी है और सुराग जुटाने के लिए डॉग स्क्वाड की भी मदद ली जा रही है।
वन विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 नवंबर को धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के ग्राम बरतापाली स्थित कक्ष क्रमांक 437 में नर हाथी का शव देखा गया। सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और मैदानी अमला तत्काल मौके पर पहुंचे तथा पूरे घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया।
हाथी की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। इसके साथ ही घटना की सूक्ष्म और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए डॉग स्क्वाड की सहायता से घटनास्थल और आसपास के वन क्षेत्र की बारीकी से छानबीन की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण करंट लगना प्रतीत हो रहा है, हालांकि सही स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

















