ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर इस समय बिग बैश लीग में सिडनी थंडर्स के लिए खेल रहे हैं। बीबीएल 2025-26 के 21वें मैच में सिडनी थंडर्स का मुकाबला होबार्ट हरिकेंस के साथ हुआ। इस मैच में वॉर्नर ने सिडनी के लिए रिकॉर्ड शतकीय पारी खेली। सिडनी के लिए वॉर्नर ने मैच में नाबाद 130 रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 57 गेंद में अपना शतक पूरा किया। इससे पहले वॉर्नर ने बीबीएल में आखिरी बार 2011 में शतक लगाया था। इस तरह उन्होंने बीबीएल में 14 साल के सूखे को खत्म किया।
इस शतकीय पारी के साथ ही वॉर्नर ने टी20 क्रिकेट में विराट कोहली के एक बड़े रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। टी20 फॉर्मेट में वॉर्नर का ये 9वां शतक था। वॉर्नर ने अपनी 428वीं पारी में ये कारनामा किया, जबकि कोहली ने 397वीं पारी में 9वीं टी20 सेंचुरी लगाई थी। टी20 में क्रिस गेल 22 सेंचुरी के साथ पहले स्थान पर हैं। वहीं पाकिस्तान के बाबर आजम 11 टी20 शतक के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ डेविड वॉर्नर ने शतक लगाया, लेकिन उनकी टीम को जीत नहीं मिल सकी। मुकाबले में सिडनी की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरी थी। बैटिंग में टीम की शुरुआत खराब हुई और उसने बिना कोई रन बनाए अपने 2 विकेट गंवा दिए, फिर वॉर्नर ने अकेले मोर्चा संभालाते हुए निक मेडिसन, सैम बिलिंग्स और डेनियल सम्स के साथ मिलकर स्कोर को 20 ओवर के खेल में 4 विकेट के नुकसान पर 204 रन तक पहुंचाया। सिडनी के इस स्कोर के जवाब में होबार्ट की शुरुआत बहुत ही शानदार रही थी। पारी की शुरुआत करने आए टिम वार्ड और मिचेल ओवेन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 108 रनों की पार्टनरशिप की।
टिम वार्ड ने होबार्ट के लिए 90 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा मिचेल ओवेन ने 45 रन बनाए। इन दोनों के आउट होने के बाद मिडिल ऑर्डर के खिलाड़ियों ने 17.5 ओवर में टीम के स्कोर को 207 रन पहुंचाकर होबार्ट को 6 विकेट से जीत दिलाई।
















