बैतूल, सुरेन्द्र बावने । स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में कथित बढ़ोतरी और बिलिंग संबंधी समस्याओं से परेशान नागरिकों और विद्युत उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में उपभोक्ता ऑडिटोरियम में एकत्रित हुए और यहां से रैली निकालते हुए नारेबाजी कर कलेक्टोरेट पहुंचे।


प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल अचानक बढ़ गए हैं। उन्होंने रीडिंग में अंतर और बिलिंग संबंधी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। साथ ही स्मार्ट मीटर लगाने के लिए पहुंच रहे ठेकेदार के कर्मचारियों पर उपभोक्ताओं को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मीटर अभी नहीं लगवाने पर बाद में 2500 से 5000 रुपये तक भुगतान करने की बात कही जा रही है।


रैली के बाद नागरिकों ने कलेक्टर के माध्यम से ऊर्जा मंत्री, राज्यपाल और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें स्मार्ट मीटर की तकनीकी क्षमता और Accuracy की स्वतंत्र जांच, पुराने मीटर की अंतिम तथा नए मीटर की प्रारंभिक रीडिंग का रिकॉर्ड उपलब्ध कराने और पिछले 12 महीनों की बिजली खपत की स्मार्ट मीटर लगने के बाद की खपत से तुलना कराने की मांग की गई।


उपभोक्ताओं ने असामान्य रूप से अधिक बिजली बिल आने वाले मामलों की विशेष जांच कराने की मांग भी रखी। गलत बिल पाए जाने पर अतिरिक्त राशि का समायोजन या नियमानुसार वापसी और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर विशेष हेल्प डेस्क बनाने की मांग की गई।


वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि अधिक बिल आने की शिकायतों की जांच कराई जाएगी। जांच में मीटर या बिलिंग संबंधी तकनीकी त्रुटि सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद नागरिकों ने जल्द समस्या के निराकरण की उम्मीद जताई।