लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद जगदंबिका पाल ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को लेकर दिए गए बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मसूद के बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज को मौका नहीं दिया गया है। इसे लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा कि सिराज मुसलमान हैं, इसीलिए उनका टीम में चयन नहीं किया गया।

मसूद के इस बयान को लेकर आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि अगर इमरान मसूद एक सांसद हैं, तो उनकी पार्टी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। ऐसे बयानों के जरिए वे खेलों में किस तरह की राजनीति ला रहे हैं? वे क्या हासिल करना चाहते हैं? अगर वे इस तरह की सोच में डूबे हुए हैं, तो उन्हें समझना चाहिए कि खिलाड़ियों का चयन एक अलग चयन समिति द्वारा किया जाता है। खिलाड़ी किसी जाति के नहीं होते हैं। वे भारत के होते हैं। मसूद का बयान देश में नफरत फैलाने वाला है।

जेल से बेल पर बाहर आए आजम खान के ओवैसी को लेकर दिए बयान पर भाजपा सांसद ने कहा कि यह साफ है कि जमानत पर बाहर आने के बाद आजम खान जिस तरह के बयान दे रहे हैं, उससे लगता है कि वे अल्पसंख्यकों को खुश करने और उनके वोट अपनी तरफ खींचने की कोशिश कर रहे हैं। ओवैसी भी लगातार यही काम कर रहे हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि किसे हैदराबादी बिरयानी पसंद है और किसे मटन बिरयानी, यह तो नतीजों से ही पता चलेगा। मुझे लगता है कि सैलाब जब आता है तो सैलाब में इंसान डूब जाता है।

राहुल गांधी के विदेशी दौरे के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर दिए बयान की भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने निंदा की।

उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि यह कोई प्रोपेगेंडा है और न ही वे संविधान या संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ बयान दे रहे हैं, असल में राहुल गांधी अपने बयानों से भारत का अपमान कर रहे हैं। शायद दुनिया में ऐसा कोई उदाहरण न मिले, जहां कोई राजनीतिक नेता, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, विदेश जाकर अपने ही देश की आलोचना करता हो। इससे साफ है कि कहीं न कहीं नेता विपक्ष मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं, उनकी बौखलाहट सामने आ रही है। वे संसद को चलने नहीं देते, सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालते हैं, कभी आकाशवाणी के बाहर धरना देते हैं और अब विदेश जाकर भारत को शर्मसार कर रहे हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर उन्होंने दुख जताया। उन्होंने कहा कि सीएम की पूजनीय माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं मर्माहत करने वाला है। मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। इस अपूरणीय क्षति की घड़ी में मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। भगवान श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा मुख्यमंत्री एवं परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।