छतरपुर/महाराजपुर, शिवम चौरसिया। कलेक्टर ने शुक्रवार को शासकीय कन्या माध्यमिक शाला महाराजपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का जायजा लिया।


कलेक्टर ने कक्षा 3 के विद्यार्थियों से ब्लैकबोर्ड पर जोड़-घटाना से संबंधित सवाल लिखकर उनके उत्तर पूछे। इस दौरान छात्राएं सवालों के सही उत्तर नहीं दे पाईं, जिस पर कलेक्टर ने शैक्षणिक गुणवत्ता को लेकर नाराजगी व्यक्त की।


मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राचार्य एवं एफएलएन इंचार्ज को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को निर्देशित किया गया कि विद्यार्थियों की मूलभूत दक्षताओं में सुधार के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी समझ मजबूत हो सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिक्षकों को विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।