छतरपुर/खजुराहो । पर्यटन नगरी खजुराहो में चल रहे अवैध जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा द्वारा गठित विशेष पुलिस टीम ने गोपनीय तरीके से अचानक दबिश दी। सूत्रों के मुताबिक इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में पुलिस ने मौके से करीब 15 जुआरियों को रंगे हाथों धर दबोचा, जबकि भगदड़ का फायदा उठाकर लगभग 15 अन्य जुआरी मौके से भागने में सफल रहे।
हैरानी की बात यह रही कि इस पूरी गोपनीय छापेमारी की भनक स्थानीय खजुराहो थाना पुलिस को नहीं लगने दी गई। सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से संचालित इस फड़ को स्थानीय पुलिस का कथित संरक्षण प्राप्त होने की लगातार चर्चाएं थीं और जुए के इस अवैध कारोबार की सीधी शिकायतें वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। इसी के चलते पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय अमले को पूरी तरह अलग रखते हुए अपनी स्पेशल टीम को सीधे कार्रवाई के लिए रवाना किया।
बताया गया है कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने फड़ से जुआरियों के पास से ताश के पत्ते और भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। फिलहाल पकड़े गए सभी 15 आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है, साथ ही मौके से फरार हुए आरोपियों की तलाश और स्थानीय स्तर पर मिलीभगत की भी गोपनीय जांच शुरू कर दी गई है।

















