छतरपुर। बुंदेलखंड की धरती छतरपुर जिले के रहने वाले और कई फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवा चुके अभिनेता सुभाष अहिरवार का एक भावुक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कॉमेडियन समय रैना के चर्चित शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' (India's Got Latent) के दूसरे सीजन के एक एपिसोड का विजेता घोषित किए जाने के बावजूद एपिसोड प्रसारित न होने से आहत सुभाष कैमरे के सामने फफक-फफक कर रो पड़े। उन्होंने समय रैना पर उनके सपनों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए भावुक अपील की है कि उनका एपिसोड रिलीज किया जाए, ताकि वर्षों के कड़े संघर्ष के बाद उन्हें वह पहचान मिल सके, जिसके वे हकदार हैं।


'जजों से मिले थे पूरे 10/10 अंक, इनाम मिले लेकिन असली पहचान छीन ली गई'

सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस वीडियो में छतरपुर के इस प्रतिभाशाली कलाकार की आंखों में आंसू साफ देखे जा सकते हैं। सुभाष अहिरवार ने दावा किया कि वे शो के दूसरे सीजन में शामिल हुए थे और अपनी दमदार प्रस्तुति से उन्होंने जजों का दिल जीत लिया था। सुभाष ने वीडियो में एक स्कोर शीट दिखाते हुए कहा कि उन्हें जजों की ओर से पूरे 10 में से 10 अंक दिए गए थे और उन्हें उस एपिसोड का विजेता घोषित किया गया था। सुभाष ने बताया कि जीत के बाद शो की ओर से मिलने वाले सभी पुरस्कार—जिसमें 1 लाख रुपये की नकद राशि, एक मोबाइल फोन और खाने के कूपन शामिल थे—उन्हें दे दिए गए थे, लेकिन जिस मंच और पहचान की उन्हें सबसे ज्यादा दरकार थी, वही एपिसोड आज तक रिलीज नहीं किया गया। उन्होंने भरे गले से कहा, "दोस्तों, मैं 'लेटेंट' में गया था और वहां का विनर हूं, लेकिन मेरा एपिसोड कभी आया ही नहीं। इन इनामों का मेरे लिए कोई खास मतलब नहीं है, क्योंकि जो चीज सबसे ज्यादा मायने रखती थी, वह कभी रिलीज ही नहीं हुई।"


बचपन में मांगी भीख, ढाबे और सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी से लेकर खून बेचने तक का दर्दनाक सफर

छतरपुर से निकलकर अभिनय जगत में अपनी जगह बनाने वाले सुभाष अहिरवार ने वीडियो में अपने जीवन के बेहद कठिन और दर्दनाक संघर्षों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उन्होंने भयंकर गरीबी और मुफलिसी देखी है। महज 6-7 साल की उम्र में उन्हें भीख तक मांगनी पड़ी। 9 साल की उम्र में उन्होंने ढाबे पर काम किया, 12 साल की उम्र में सब्जियां बेचीं और 15 साल की उम्र में मजदूरी कर अपना पेट पाला। इसके बाद 5 साल तक सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी की और फिर से ढाबे पर काम करने को मजबूर हुए।

अभिनय के प्रति अपने जुनून को जिंदा रखने के लिए उन्होंने 7 साल तक थिएटर किया। सुभाष ने खुलासा किया कि ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए उन्होंने वॉशरूम साफ करने जैसा काम भी किया, संगीत बजाया और गुजारे के लिए फिर से भीख तक मांगी। यहां तक कि इस उम्मीद में कि एक दिन उनकी मेहनत रंग लाएगी, उन्होंने अपना खून तक बेच दिया था।

'जीती बाजी हार गया हूं यार...'—सोशल मीडिया पर सुभाष के समर्थन में उतरे हजारों लोग

'इंडियाज गॉट लेटेंट' जैसे बड़े प्लेटफॉर्म पर जीत हासिल करने के बाद सुभाष को उम्मीद थी कि अब उनकी जिंदगी बदल जाएगी और फिल्म इंडस्ट्री व दर्शकों के बीच उन्हें नई पहचान मिलेगी। अपनी इस स्थिति को 'जीती बाजी हार जाना' बताते हुए सुभाष ने बेहद भावुक स्वर में कहा, "एक आदमी कहां से उठकर आया... एक मौका मिला, आपके एपिसोड में आया और विनर बना... समय भाई, मैं हार गया हूं यार। किसी के सपनों के साथ नहीं खेलना चाहिए, प्लीज मेरा एपिसोड रिलीज कर दीजिए।"

सुभाष का यह मार्मिक वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर छा गया है और इसे अब तक 52.6 हजार से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। सोशल मीडिया यूजर्स बड़ी संख्या में कमेंट सेक्शन में समय रैना और शो के सह-निर्माता बलराज घई को टैग कर रहे हैं तथा छतरपुर के इस संघर्षशील कलाकार के प्रति सहानुभूति जताते हुए मेकर्स से जल्द से जल्द उनका एपिसोड रिलीज करने की मांग कर रहे हैं।