छतरपुर/बड़ामलहरा, लोकेन्द्र सिंह। ग्राम बमनी में प्रहलाद यादव हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में शामिल चार आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार यह वारदात एक महिला से अवैध संबंधों को लेकर अंजाम दी गई थी।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन और एसडीओपी प्रकाश मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी रीता सिंह ने मामले की जांच के बाद यह कार्रवाई की। पुलिस जांच में सामने आया कि इस घटना में कुल चार लोग शामिल थे। इनमें ग्राम बमनी निवासी गुलाब बाई पति भल्लू यादव, विकली पिता हल्काई यादव और श्रीकांत पिता भल्लू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सिरोंज निवासी जीवन आदिवासी फरार बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें



थाना प्रभारी रीता सिंह ने बताया कि अवैध संबंधों के विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 371/26 में पूर्व में दर्ज धाराओं 115(2) और 118(1) बीएनएस के साथ अब हत्या की धारा 103(1) तथा धारा 3(5) बीएनएस का भी इजाफा किया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि 13 नवंबर की रात ग्राम बमनी में प्रहलाद यादव पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल प्रहलाद की ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर बड़ामलहरा थाने के सामने करीब तीन घंटे तक चक्काजाम किया था। पुलिस अब फरार आरोपी जीवन आदिवासी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।













