उज्जैन, अशोक दायमा। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दरबार में बुधवार को क्रिकेट जगत के कई जाने-माने सितारों ने हाजिरी लगाई। भारतीय क्रिकेटर ईशांत शर्मा, प्रियांश आर्य, विजय दहिया, दिग्वेश राठी, सुयश शर्मा, मयंक रावत, यश धूल, अनुज रावत, केशव दबास और मयंक यादव ने मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल की संध्याकाल आरती में हिस्सा लिया और दर्शन लाभ प्राप्त किया।

सभी खिलाड़ियों ने नंदी हॉल में बैठकर पूरी श्रद्धा के साथ बाबा महाकाल की आरती के दर्शन किए। इस दौरान उज्जैन कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह, प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने सभी खिलाड़ियों से शिष्टाचार भेंट की। मंदिर की परंपरा के अनुसार श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक एवं जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवाड़िया ने सभी क्रिकेट खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत एवं सत्कार किया।