प्रतापगढ़ (कुंडा)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले स्थित कुंडा की धरती पर आयोजित श्रीराम कथा के मंच से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर महाराज) ने सनातन जागरण और हिंदू एकता को लेकर एक बड़ा राष्ट्रव्यापी एलान किया है। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में व्यासपीठ से हुंकार भरते हुए बागेश्वर महाराज ने घोषणा की कि वे आगामी छह वर्षों में देश के 600 जिलों में सनातन का जागरण करने के लिए यात्रा करेंगे। उन्होंने इस अभियान को 'छह साल, छह सौ जिले और छह संकल्प' का नाम देते हुए उपस्थित जनसमुदाय को हिंदुत्व की रक्षा, जातिवाद के उन्मूलन, मथुरा में भव्य कृष्ण मंदिर निर्माण और भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प दिलाया।

मंच से दिलाया वचन- जातिवाद में नहीं बंटेंगे, राष्ट्रवाद के लिए जिएंगे

कथा के दौरान बागेश्वर महाराज ने बेहद जोशीले अंदाज में श्रद्धालुओं से हाथ उठवाकर वचन लिया। उन्होंने कहा कि आज से प्रत्येक सनातनी यह प्रण ले कि वह जीवन भर हिंदुत्व के लिए जिएगा और हिंदुत्व के लिए मरेगा, तथा जो भी सनातन धर्म का विरोध करेगा, उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने मंच से वचन दिलाते हुए कहा, "हम वचन लेते हैं कि जल्द ही कृष्ण लला को भव्य मंदिर में विराजमान कराएंगे। हम वचन लेते हैं कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाएंगे और आज के बाद कभी जातिवाद में नहीं बंटेंगे, बल्कि केवल राष्ट्रवाद के लिए जिएंगे।" इसके बदले में बागेश्वर महाराज ने भी जनता को वचन दिया कि वे जब तक जीवित रहेंगे, तब तक सभी के कल्याण के लिए बालाजी से प्रार्थना और अर्जी लगाते रहेंगे तथा कुंडा, प्रतापगढ़ व उत्तर प्रदेश की धरती पर बार-बार आते रहेंगे।


'छह साल, छह सौ जिले, छह संकल्प'—दक्षिण से उत्तर तक हर जिले में पहुंचेंगे बागेश्वर महाराज

अपने आगामी अभियान की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बागेश्वर महाराज ने नारा दिया—"छह साल, छह सौ जिले, छह संकल्प—हिंदुओं का होगा गठन, बागेश्वर धाम का होगा मंडल और संतों का होगा कमंडल।" उन्होंने पंडाल में कौशांबी, कानपुर और लखनऊ सहित विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालुओं का आह्वान करते हुए कहा कि अब सभी जिलों में बागेश्वर महाराज आ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन छह वर्षों के भीतर दक्षिण भारत हो, महाराष्ट्र हो, छत्तीसगढ़ हो या मध्य प्रदेश—वे देश के कोने-कोने और हर जिले में जाकर सनातन की अलख जगाएंगे।

समाज को दिया एक साल का होमवर्क, बोले—'अपने खर्च पर आपके जिले में आऊंगा'

बागेश्वर महाराज ने देश भर के सनातनियों को एक वर्ष का रचनात्मक कार्य (होमवर्क) भी सौंपा। उन्होंने कहा कि लोग अपने-अपने क्षेत्रों में एक साल तक जमीनी स्तर पर काम करके दिखाएं—हिंदू एकता मजबूत करें, हर महीने बैठक आयोजित करें, गरीब बेटियों के विवाह कराएं, पौधारोपण करें और प्रत्येक रविवार को हर मंदिर में दो घंटे एकत्रित होकर सनातन संस्कृति का पाठ पढ़ाएं। उन्होंने श्रद्धालुओं को आश्वस्त करते हुए कहा, "आप अपने क्षेत्र में यह कार्य प्रारंभ कीजिए, हम स्वयं आपके यहां आएंगे। इसके लिए आपको कुछ भी खर्चा करने की जरूरत नहीं है, हम अपने किराए से आएंगे, आप बिल्कुल चिंता मत कीजिए।"