पन्ना, अमित सिंह राठौर। जिले की जनपद पंचायतों में निर्वाचित जनपद सदस्यों के अधिकारों और सम्मान का मुद्दा अब उठने लगा है। सदस्यों ने पंचायतों में अपने वैधानिक और व्यवहारिक अधिकारों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कलेक्टर एवं जनपद पंचायत के अधिकृत अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा है।
प्रादेशिक जनपद सदस्य एकता संघ की जिला इकाई पन्ना के अध्यक्ष विशाल सिंह भदौरिया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में जिले की पांच जनपद पंचायतों की समस्याओं को उठाया गया है। ज्ञापन के अनुसार जिले में पांच जनपद अध्यक्ष, पांच उपाध्यक्ष और 115 जनपद सदस्य हैं।
ये भी पढ़ें




ज्ञापन में सात प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें पंचायत एवं अन्य विभागों द्वारा स्वीकृत निर्माण कार्यों की जानकारी सदस्यों को देने तथा निर्माण स्थल पर स्वीकृत राशि, मद, समय-सीमा और निर्माण एजेंसी के विवरण वाला बोर्ड लगाने की मांग शामिल है। इसके साथ ही सामान्य सभा और धारा 47 के तहत गठित स्थायी समितियों की नियमित बैठकें कराने, शिलान्यास व लोकार्पण के शिलालेखों पर सदस्यों के नाम दर्ज करने और उन्हें कार्यक्रमों में आमंत्रित करने की मांग भी की गई है।
सदस्यों ने यात्रा भत्ता नियम 1995 के तहत भत्ता देने, बैठकों में पारित प्रस्तावों पर समय-सीमा में कार्रवाई करने और विभागीय अधिकारियों को भेजे गए पत्रों पर हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है। अब देखना होगा कि जनप्रतिनिधियों की इन मांगों पर जिला प्रशासन और जनपद पंचायत के अधिकारी कितना अमल करते हैं।
















