छतरपुर (शिवम सोनी)। मध्य प्रदेश में निजी बस संचालकों ने सरकार की नई परिवहन नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है। रविवार को सागर में आयोजित बस ऑपरेटर्स की महत्वपूर्ण बैठक में दो प्रमुख मांगों पर जोर दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार द्वारा 24 दिसम्बर 2025 को एमपीआरटीसी को चालू करने संबंधी अधिसूचना जारी की गई थी जिसे तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। साथ ही बसों पर बढ़ाए गए टैक्स को यथावत रखा जाए।
बैठक में प्रदेश भर के बस मालिकों ने हिस्सा लिया। छतरपुर से बस यूनियन के अध्यक्ष राजा सिंह, आबिद सिद्दीकी, मनोज महतों, भगवतशरण अग्रवाल, कन्हैया अग्रवाल, विश्वनाथ गुप्ता, रवि ताम्रकार और अरविंद गोस्वामी सहित कई प्रमुख बस संचालक शामिल हुए।
बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि अगले दो दिनों में जिला स्तर पर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि सरकार इन मांगों को नहीं मानती है तो 2 मार्च से पूरे मध्य प्रदेश में निजी बस संचालकों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

