रावलपिंडी। पाकिस्तान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को दूसरे टेस्ट मैच में 8 विकेट से हराया। रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान ने 90 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज को 1-0 से अपने नाम किया। दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और तैयब आरिफ महज 13 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद ताहा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

हालांकि, अजान अवैस और आमिर जमाल ने इसके बाद पाकिस्तान की टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया और 13 ओवर में टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। अवैस 5 चौकों की मदद से 32 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि आमिर जमाल ने 22 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाए।

इससे पहले, श्रीलंका की टीम दूसरी पारी में 316 रन बनाकर ऑलआउट हुई और टीम ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 90 रनों का लक्ष्य रखा। श्रीलंका की तरफ से दूसरी इनिंग में मिलन प्रियनाथ रत्नायके ने सर्वाधिक 68 रन बनाए, जबकि सोनल दिनुशा और कुशल मेंडिस ने भी अर्धशतकीय पारियां खेली।

धनंजय डी सिल्वा ने 37 रनों का योगदान दिया। वहीं, पासिंदु सूरियाबंदारा ने 38 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद अब्बास ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए, जबकि आमिर जमाल ने भी 3 विकेट झटके।

पहली पारी में श्रीलंका की पूरी टीम सिर्फ 98 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 325 रन बनाए और 227 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की। पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में मोहम्मद अब्बास, रजाउल्लाह और आमिर जमाल ने तीन-तीन विकेट चटकाए।

पाकिस्तान की तरफ से गाजी घोरी ने सर्वाधिक 54 रन बनाए, जबकि तैयब आरिफ ने 46 और अजान अवैस ने 47 रनों का योगदान दिया था। दोनों पारियों को मिलाकर मैच में 6 विकेट लेने वाले मोहम्मद अब्बास को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।