नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच समुद्री सहयोग को एक नई मजबूती मिली है। अमेरिकी नौसेना का आपूर्ति जहाज यूएसएनएस वाली शिर्रा 20 नवंबर 2026 को मरम्मत के लिए चेन्नई के पास एलएंडटी के कट्टुपल्ली शिपयार्ड पहुंचा। यह मरम्मत भारत-अमेरिका मास्टर शिप रिपेयर एग्रीमेंट (एमएसआरए) के तहत की जाएगी।

अमेरिकी नौसेना का यह जहाज मिलिट्री सीलिफ्ट कमांड (एमएससी) का हिस्सा है। यह कमांड दुनियाभर में अमेरिकी सैन्य और सरकारी एजेंसियों को समुद्री परिवहन, लॉजिस्टिक्स और विशेष समुद्री सहायता उपलब्ध कराती है।

कट्टुपल्ली शिपयार्ड में किसी अमेरिकी नौसैनिक जहाज की मरम्मत के लिए पहुंचने का यह पांचवां अवसर है। इसे भारत के जहाज मरम्मत ढांचे और तकनीकी क्षमताओं पर अमेरिका के बढ़ते भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।

भारत और अमेरिका के बीच जहाज मरम्मत के क्षेत्र में सहयोग की शुरुआत अगस्त 2022 में हुई थी। उस समय यूएसएनएस चार्ल्स ड्रू भारत के किसी शिपयार्ड में मरम्मत कराने वाला पहला अमेरिकी नौसेना का जहाज बना था। इसके बाद मार्च 2023 में यूएसएनएस मैथ्यू पेरी और जुलाई 2023 में यूएसएनएस साल्वोर की मरम्मत की गई।

इन शुरुआती मरम्मत कार्यों के बाद अप्रैल 2023 में एलएंडटी के कट्टुपल्ली शिपयार्ड ने अमेरिकी नौसेना के साथ मास्टर शिप रिपेयर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते ने दोनों देशों के बीच सहयोग को संस्थागत रूप दिया और कट्टुपल्ली शिपयार्ड को अमेरिकी नौसेना के जहाजों की यात्रा के दौरान आवश्यक मरम्मत करने में सक्षम बनाया। इसके बाद दिसंबर 2024 में यूएसएनएस चार्ल्स ड्रू एक बार फिर मरम्मत के लिए कट्टुपल्ली पहुंचा था।

यूएसएनएस वाली शिर्रा की यह यात्रा एक और लिहाज से महत्वपूर्ण है। संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू होने के बाद मरम्मत के लिए भारत पहुंचने वाला यह पहला अमेरिकी नौसैनिक जहाज है। इस संशोधित प्रक्रिया का उद्देश्य जहाज के चालक दल के सदस्यों के भारत में प्रवेश और प्रस्थान की प्रक्रिया को आसान बनाना है।

इस एसओपी को विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, आव्रजन ब्यूरो, रक्षा मंत्रालय और रक्षा उत्पादन विभाग के बीच समन्वित प्रयासों के बाद अंतिम रूप दिया गया। इसे भारत में अंतरराष्ट्रीय जहाज मरम्मत गतिविधियों को सुगम बनाने के लिए सरकार के विभिन्न विभागों के साझा प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

यूएसएनएस वाली शिर्रा का आगमन दिसंबर 2024 के बाद कट्टुपल्ली में अमेरिकी नौसेना के जहाज की मरम्मत गतिविधियों की दोबारा शुरुआत का भी संकेत है। इससे अंतरराष्ट्रीय जहाज मरम्मत कार्यों को बढ़ावा देने, समुद्री औद्योगिक सहयोग मजबूत करने और भारतीय शिपयार्ड के अधिक उपयोग के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की भारत की कोशिशों को बल मिलेगा।

भारत की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, प्रमुख अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों के निकटता, तेजी से विकसित हो रहे शिपयार्ड इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल कार्यबल और बढ़ती तकनीकी क्षमताओं को देखते हुए देश के हिंद-प्रशांत क्षेत्र और उससे आगे जहाजों की मरम्मत एवं रखरखाव के बड़े केंद्र के रूप में उभरने की संभावनाएं बढ़ रही हैं।