मडगांव (गोवा), 1 नवंबर । भारतीय सेना के एथलीट बिटेन सिंह ने रविवार को 'आयरनमैन 70.3 गोवा' के छठे संस्करण में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। उन्होंने 4 घंटे 24 मिनट 29 सेकंड का समय निकालकर प्रतियोगिता जीती। इस शानदार प्रदर्शन के साथ बिटेन सिंह ने उज्बेकिस्तान के कॉन्स्टेंटिन बेलोउसोव द्वारा 2025 में बनाए गए 4:25:47 के पिछले कोर्स रिकॉर्ड को भी तोड़ा।

बिटेन सिंह का प्रदर्शन पिछले साल के विजेता की तुलना में 1 मिनट 18 सेकंड तेज रहा। भारत के प्रमुख एंड्योरेंस (सहनशक्ति) खेल आयोजनों में से एक में यह एक बड़ी उपलब्धि है।

30 देशों के 2,000 से अधिक ट्रायएथलीट्स ने इस चुनौतीपूर्ण कोर्स में हिस्सा लिया। इसमें प्रसिद्ध मिरामार बीच से शुरू होकर 1.9 किलोमीटर तैराकी, 90 किमी साइकिलिंग और 21.1 किलोमीटर दौड़ शामिल थी। इस छठे संस्करण ने एक बार फिर साबित किया कि गोवा अंतरराष्ट्रीय एंड्योरेंस खेलों के लिए एक बेहतरीन जगह है, जहां दुनिया भर के बेहतरीन खिलाड़ी, अलग-अलग आयु वर्ग के एथलीट और रिले टीमें एक साथ आती हैं।

बिटेन सिंह की जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने बहुत कठिन परिस्थितियों में इसकी तैयारी की थी। तवांग में तैनात भारतीय सेना के इस एथलीट ने बताया कि उन्होंने रेस से पहले तीन महीने तक पूरी लगन से ट्रेनिंग की, और अपनी ड्यूटी के साथ-साथ इस तैयारी को भी बखूबी संभाला। 2024 के संस्करण में डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा था, इसलिए इस साल उन्होंने रिकॉर्ड तोड़ने का लक्ष्य रखा था।

वहीं, महिलाओं की श्रेणी में, मरीना श्लियाखतिना ने 5:30:29 का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। सबीना इस्काकोवा 5:42:58 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि मेलानी वेंड्ट 6:04:54 के समय के साथ पोडियम पर तीसरे स्थान पर रहीं।

इवेंट लीडरबोर्ड के अनुसार, रिले कैटेगरी में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इसमें 'टीम फिट स्वैगर्स गोवा' 4:33:24 के समय के साथ सबसे आगे रही। इसके बाद 'टीम सीरियस अबाउट ट्रेनिंग' 4:35:22 के समय के साथ और 'टीम एयरफोर्स 2' 4:47:04 के समय के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

परिणाम:

पुरुषों की ओवरऑल श्रेणी

1. बिटेन सिंह (भारत) – 4:24:29

2. अनिरुद्ध रविचंद्रन (भारत) – 4:46:32

3. निहाल बेग (भारत) – 4:52:59

महिलाओं की ओवरऑल श्रेणी

1. मरीना श्लियाखतिना – 5:30:29

2. सबीना इस्काकोवा – 5:42:58

3. मेलानी वेंड्ट – 6:04:54

रिले ओवरऑल श्रेणी

1. टीम फिट स्वैगर्स गोवा – 4:33:24

2. टीम सीरियस अबाउट ट्रेनिंग – 4:35:22

3. टीम एयरफोर्स 2 – 4:47:04