मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के रतन पिपल्या गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब रात के समय एक मगरमच्छ का बच्चा रहवासी इलाके में पहुंच गया। करीब 3 से 4 फीट लंबे मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


मगरमच्छ के दिखाई देने की सूचना मिलते ही ग्रामीण सतर्क हो गए और सावधानी बरतते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों की सूझबूझ और सतर्कता से मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया।


इसके बाद ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पास ही स्थित शिवना नदी में सुरक्षित छोड़ दिया। समय रहते मगरमच्छ को रहवासी इलाके से हटाए जाने के कारण किसी तरह की जनहानि या बड़ा हादसा नहीं हुआ।


ग्रामीणों की सतर्कता और सूझबूझ से एक संभावित हादसा टल गया। घटना के बाद गांव में काफी देर तक मगरमच्छ के रहवासी क्षेत्र में पहुंचने को लेकर चर्चा होती रही।