राजगढ़। जिले के तलेन क्षेत्र के इकलेरा में रविवार दोपहर पट्टे की जमीन को लेकर हुए विवाद में एक ASI द्वारा कथित तौर पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दीपक अहिरवार की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि सतीश जाटव और मुकेश जाटव घायल हुए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए शाजापुर रेफर किया गया है।


जानकारी के अनुसार इकलेरा निवासी दीपक अहिरवार और शुजालपुर में पदस्थ ASI दिलीप कुंभकार के बीच 30x30 के प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि यह प्लॉट गुलाब बाई का था और दीपक इसे खरीदना चाहता था। आरोप है कि प्लॉट पर ASI का कब्जा था और इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। दीपक ने मामले की शिकायत पुलिस चौकी में भी की थी।


रविवार को दीपक अंत्येष्टि कार्यक्रम से लौट रहा था, तभी कथित तौर पर उसके और ASI दिलीप कुंभकार के बीच विवाद हो गया। झूमाझटकी के बाद फायरिंग की घटना हुई, जिसमें दीपक की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए।


आरोपी ASI हिरासत में


घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ASI दिलीप कुंभकार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वहीं घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बयानों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।