छतरपुर/ राजनगर, सौरभ शुक्ला। कलेक्टर द्वारा नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर परिषद राजनगर अंतर्गत अमृत 2.0 योजना के तहत संचालित मधुबन वाटिका एवं धानेरा तालाब के निर्माण कार्यों की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं पाए जाने पर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनंत श्रीवास्तव द्वारा दोनों निर्माण एजेंसियों के ठेकेदारों को तत्काल नगर परिषद कार्यालय में तलब किया गया। बैठक के दौरान उन्हें कार्यों में हो रही अनावश्यक देरी पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा अनुबंध की शर्तों के अनुसार देय राशि में कटौती सहित अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
इसके साथ ही दोनों निर्माण एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। तत्पश्चात मुख्य नगर पालिका अधिकारी आनंद श्रीवास्तव ने उपयंत्री श्रीकांत खरे के साथ मधुबन वाटिका एवं धानेरा तालाब का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित ठेकेदारों एवं तकनीकी अमले को कार्य की गति तत्काल बढ़ाने, पर्याप्त संसाधन एवं श्रमिक उपलब्ध कराने तथा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना नगर परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




