छतरपुर, संतोष शिवहरे। शहर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत संकट मोचन पहाड़िया निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने इस संबंध में शिकायती आवेदन सौंपकर आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


पीड़ित आरिफ खान पुत्र करीम खान ने अपने आवेदन में बताया कि उसका विवाह करीब 10 वर्ष पूर्व मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। विवाह के शुरुआती वर्षों तक पारिवारिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में समीर खान पिता राजू खान का उसकी पत्नी से संपर्क हुआ। इसके बाद से पत्नी का व्यवहार बदल गया और वह आए दिन विवाद करने लगी तथा परिवार की जिम्मेदारियों से दूरी बनाने लगी।


आरिफ खान का आरोप है कि वह मजदूरी के सिलसिले में पन्ना गया हुआ था। जब वह वापस घर लौटा तो आरोपी समीर खान उसके घर पर मौजूद था और उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटना से उसका परिवार पूरी तरह बिखर गया है।


पीड़ित की बेटी जोया खातून ने भी आरोप लगाया कि आरोपी उसकी मां को पति और बच्चों को छोड़ने के लिए उकसाता था तथा बच्चों को अनाथ आश्रम भेजने जैसी बातें कहकर दबाव बनाता था। परिवार का दावा है कि इस संबंध में पहले भी थाना सिविल लाइन में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।


कार्रवाई नहीं होने से परेशान पीड़ित ने अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले में पुलिस का कहना है कि प्राप्त आवेदन के आधार पर जांच की जाएगी और जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।