श्योपुर, उत्तम सिंह। मध्यप्रदेश स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (STSF) ने तेंदुओं के शिकार से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आगरा में 10 तेंदुओं की खाल बरामद होने के बाद शुरू हुई जांच में मध्यप्रदेश के तीन वन क्षेत्रों में तेंदुओं के शिकार का खुलासा हुआ है।


STSF के प्रेस नोट के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कुल 10 तेंदुओं के शिकार की बात सामने आई है। इनमें 6 तेंदुओं का शिकार कूनो वन्यजीव वनमंडल, 2 का श्योपुर वनमंडल और 2 का राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य, मुरैना क्षेत्र में किया गया था।


आरोपियों की निशानदेही पर संयुक्त टीम ने शिकार स्थलों की जांच की, जहां से तेंदुओं की हड्डियां और अन्य अवशेष बरामद किए गए। इसके साथ ही शिकार में इस्तेमाल किए गए लेग होल्ड ट्रैप भी जब्त किए गए हैं।


इस मामले में दो वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वन्यजीव तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


कार्रवाई में मध्यप्रदेश STSF के साथ कूनो वन्यजीव वनमंडल, श्योपुर वनमंडल और राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य के वन अधिकारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। मामले में आगे की जांच के दौरान वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क से जुड़े और भी खुलासे होने की संभावना है।