भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के परिवार में गहरा शोक छा गया है। उनके काका घनश्याम पटवारी का सोमवार को आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद घटना की जानकारी खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर साझा करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। परिवार में हुए इस वज्रपात के चलते उन्होंने अपने आगामी सभी राजनीतिक कार्यक्रम, संगठनात्मक बैठकें और प्रस्तावित दौरे आगामी सूचना तक स्थगित कर दिए हैं।

जीतू पटवारी के काका घनश्याम पटवारी का परिवार मूल रूप से इंदौर के समीप स्थित बिजावलपुर से संबंधित है। उनके निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी पदाधिकारियों, पूर्व मंत्रियों, विधायकों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी कुणाल चौधरी ने भी घनश्याम पटवारी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद समाचार है और ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा इस कठिन समय में पूरे परिवार को यह असह्य दुख सहन करने का संबल प्रदान करें। घनश्याम पटवारी के अंतिम संस्कार और अन्य प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी परिजनों द्वारा जल्द साझा की जाएगी।