इंदौर, रविकान्त वर्मा । इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पत्थर मुंडला इलाके में स्थित एक पटाखा दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी चपेट में आकर तीन कारें जलकर खाक हो गईं। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि मार्केट क्षेत्र में संचालित पटाखा दुकान में अचानक आग भड़क उठी। दुकान में रखे पटाखों के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग लगने के दौरान तेज धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
घटना स्थल के आसपास कई अन्य दुकानें और रहवासी इलाका मौजूद होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन से चार दमकल मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने आग को अन्य दुकानों और मकानों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार मशक्कत की।
आगजनी की इस घटना में कई वाहन भी चपेट में आए हैं। हालांकि फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

