सागर, स्वाती सोलंकी। मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्थित स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय (SVN University) के परिसर से शुक्रवार सुबह एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। सिरोंजा स्थित विश्वविद्यालय परिसर में बीबीए द्वितीय सेमेस्टर के 19 वर्षीय छात्र ने बहुमंजिला भवन से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस आत्मघाती कदम को उठाने से कुछ ही मिनट पहले छात्र ने अपने बड़े भाई को एक भावुक वॉइस नोट भेजा था, जिसमें उसने अपनी बीमारी, असहनीय अंदरूनी दर्द और मानसिक परेशानी का जिक्र करते हुए परिवार से माफी मांगी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान 19 वर्षीय प्रद्युम्न मिश्रा (पिता स्वर्गीय देवेंद्र कुमार मिश्रा) के रूप में हुई है। प्रद्युम्न शुक्रवार सुबह करीब 9:00 बजे सामान्य दिनों की तरह कॉलेज पहुंचा था। इसके कुछ ही देर बाद, सुबह 9:21 बजे उसने अपने बड़े भाई चैतन्य के मोबाइल पर एक वॉइस नोट भेजा। संदेश में उसने अपनी गंभीर शारीरिक अस्वस्थता, अंदरूनी दर्द और मानसिक तनाव का हवाला देते हुए लिखा कि वह इस स्थिति से बहुत परेशान हो चुका है और अब सहन नहीं कर पा रहा है। उसने परिजनों से माफी मांगते हुए अपनी लाचारी व्यक्त की और इसके तुरंत बाद विश्वविद्यालय भवन की ऊपरी मंजिल से छलांग लगा दी।
ऊपरी मंजिल से छात्र के गिरने की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में पड़े छात्र को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत छात्र को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
वॉइस नोट की फॉरेंसिक पड़ताल में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम कराया गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) ललित कुमार कश्यप ने बताया कि सिविल लाइन थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराने के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के सभी पहलुओं की विवेचना शुरू कर दी है। छात्र द्वारा भाई को भेजे गए वॉइस नोट को जांच का मुख्य आधार बनाया गया है, जिसमें उसने मानसिक और शारीरिक बीमारी का उल्लेख किया है।













