छतरपुर (रोहित पाठक)। मध्य प्रदेश की राजनीति में अपनी शालीनता और स्पष्टवादिता के लिए पहचाने जाने वाले राघौगढ़ रियासत के वारिस और कांग्रेस के कद्दावर युवा नेता जयवर्धन सिंह ने छतरपुर स्थित प्रसिद्ध तीर्थ बागेश्वर धाम पहुंचकर बालाजी सरकार के दर्शन किए। उन्होंने बागेश्वर धाम पीठाधीश धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्होंने मंदिर परिसर में विधिवत पूजन-अर्चन किया। जयवर्धन सिंह का यह धार्मिक प्रवास उनकी उस छवि को और मजबूत करता है जो परंपराओं और अध्यात्म को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
दर्शन के दौरान जयवर्धन सिंह ने पूज्य गुरुदेव से भेंट कर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। सूत्रों की मानें तो उन्होंने अपनी विशेष मनोकामना को लेकर बालाजी के दरबार में अर्जी भी लगाई है। बागेश्वर सरकार के 'अतिप्रिय शिष्य' के रूप में उनकी यह निकटता जगजाहिर है, और अक्सर वे महत्वपूर्ण मौकों पर धाम की शरण में नजर आते हैं। गुरुदेव के साथ हुई उनकी इस आत्मीय चर्चा के दौरान प्रदेश की खुशहाली और जनकल्याण को लेकर भी प्रार्थना की गई। सोशल मीडिया पर उनकी इस यात्रा की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जो उनके समर्थकों के बीच चर्चा का मुख्य विषय बनी हुई हैं।



