गौ-मांस पर GST क्यों? जयवर्धन सिंह के तीखे सवाल ने मचाया हड़कंप, भोपाल मास्टर प्लान को लेकर भी घेरा

Advertisement
भोपाल, जीतेन्द्र यादव। पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री जयवर्धन सिंह ने विधानसभा में गौ-मांस पर जीएसटी से जुड़े प्रश्न के जवाब को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग सनातन की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि गौ-मांस पर सरकार कोई जीएसटी नहीं ले रही है।
जयवर्धन सिंह ने आरोप लगाया कि विधानसभा में उनके सवाल के जवाब में प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार का हवाला दिया, जबकि उन्होंने स्पष्ट रूप से गौ-मांस पर जीएसटी न लगाने का मुद्दा उठाया था।
मास्टर प्लान को लेकर बोलते हुए जयवर्धन सिंह ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में भोपाल का मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा था, लेकिन सरकार गिरने के कारण काम अधूरा रह गया। उन्होंने बताया कि कमलनाथ ने स्वयं उन्हें बुलाकर भोपाल का मास्टर प्लान बनाने को कहा था।
वहीं सदन में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान का हवाला देते हुए जयवर्धन सिंह ने कहा कि विजयवर्गीय ने बताया है कि भोपाल के मास्टर प्लान का ड्राफ्ट पिछले दो साल से तैयार है और अब केवल मुख्यमंत्री की मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।
इसके साथ ही जयवर्धन सिंह ने टीएनसीपी (नगर एवं ग्राम निवेश) अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आम लोगों के साथ अधिकारी लेन-देन कर रहे हैं, जिससे शहर के नियोजन और विकास पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
